खनुआ। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के शेख फरेंदा में अमृत सरोवर का गेट गिरने के मामले में सोमवार को एडीओ पंचायत की तहरीर पर ग्राम प्रधान के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। गेट के गिरने से दबकर एक बालक की मौत हो गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीओ पंचायत नौतनवा राम कृष्ण प्रसाद की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान राम बचन यादव उर्फ महेंद्र यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। उल्लेखनीय है कि 20 जून की सुबह सोनौली कोतवाली क्षेत्र के शेख फरेंदा गांव में बने अमृत सरोवर का गेट भरभरा कर गिर गया, जिससे वहां खेल रहे 12 वर्षीय बालक विक्की उर्फ़ विकास यादव की मौत हो गई। इस मामले का संज्ञान लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गेट निर्माण की गुणवत्ता की जांच के लिए एसडीएम नौतनवा नवीन प्रसाद की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम को जांच के लिए भेजा। जांच टीम में शामिल डीपीआरओ महराजगंज श्रेया मिश्रा व ग्रामीण अभियंता प्रवीण भारती ने घटनास्थल पर जाकर गेट निर्माण में प्रयुक्त ईंट, सीमेंट और बालू के नमूने की जांच करवाकर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी। जिलाधिकारी ने तीन जुलाई को ग्राम प्रधान शेख फरेंदा राम बचन यादव उर्फ महेंद्र यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था। संवाद