रामजानकी अतिथि भवन में दो पक्षों में हुई थी मारपीट
फरेंदा। कस्बे के रामजानकी मंदिर के अतिथि भवन में बुधवार को दिन में मामूली बात को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों से कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। उपनिरीक्षक की तहरीर पर दोनों पक्षों से सात नामजद समेत 20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, फरेंदा कस्बे के दुर्गा मंदिर परिसर में स्थित रामजानकी अतिथि भवन में बुधवार को मामूली बात को लेकर मंदिर के पुजारी व दूसरे पक्ष में जमकर मारपीट हो गई थी। मामले की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर मामला को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन दोनों पक्ष मारपीट करते रहे। काफी प्रयास के बाद मामला शांत हुआ।
दोनों पक्ष के घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बनकटी भिजवाया गया था। पुलिस ने मामले की जांच के बाद उपनिरीक्षक अमित कुमार मौर्या की तहरीर पर एक पक्ष से मोनू गुप्ता निवासी नौतनवां, लक्ष्मी निवासी तिघरा, उस्काबाजार सिद्धार्थनगर, करूमन व लक्ष्मी सहित दस अज्ञात व दूसरे पक्ष से रूपक दूबे, रूपेश दूबे व मुकेश दूबे निवासी अज्ञात व दस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि दोनों पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। मामले की जांच की जा रही है।