महराजगंज। ठूठीबारी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद हो गया है। गांव डुमरी इटहिया की निवासी सुचिता यादव ने अपने पटीदारों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई। घटना 10 जनवरी की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है,जब सुचिता की बेटी निधि यादव और बेटा आकाश यादव पर हमला किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार, सुचिता के पटीदार सुरेश यादव और मजेंद्र यादव ने आने-जाने के रास्ते में गोबर का ढेर डालकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया था। कई बार कहने के बावजूद इसे नहीं हटाया गया। 10 जनवरी को निधि यादव अपने भाई आकाश को गांव में खोजने गई थी, तभी आरोपी सुरेश और मजेंद्र ने उसे गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से मारपीट किया और जानमाल की धमकी दी। कुछ देर बाद घर लौट रहे आकाश को भी रास्ते में रोककर गालियां दी गईं और लोहे की रॉड से पीटा गया। सुचिता ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी काफी मनबढ़ किस्म के हैं। ठूठीबारी थाना प्रभारी प्रणव कुमार ओझा ने बताया की सुचिता की तहरीर पर आरोपी सुरेश यादव, मजेंद्र यादव , सहोदरा देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।