सिंदुरिया। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर स्थानीय पुलिस ने शुक्रवार को एक विवाहिता की तहरीर पर उसके पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की प्राथमिकी दर्ज की है। थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा चौरसिया टोला निवासिनी नीशू ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर ससुरालियों पर मारपीट व दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
पीड़िता नीशू ने तहरीर में बताया कि मेरी शादी बीते दो जून को कृष्णा यादव, निवासी सवलपुर भनौटी, थाना औराई जनपद भदोही से हिन्दू रीति-रिवाज से हुई थी। विवाह के बाद पति मुझे लेकर मुंबई चले गए। वहां एक माह सब कुछ ठीक चला, मगर एक दिन अचानक मेरे पति मुझे अकेला छोड़कर कहीं चले गए। कुछ दिन इंतजार करके मैं मुंबई से अपने मायके लक्ष्मीपुर एकडंगा पहुंची और पूरी बात घर वालों को बताई। कुछ दिन बाद मायके के लोगों के साथ ससुराल भदोही गई तो पंचायत के बाद ससुराल में रहने लगी। पंचायत के 15 दिन बाद हमारे ससुर घनश्याम यादव, सास व ननद दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे और मना करने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह के अनुसार मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।