- गैस सिलिंडर वितरण में गड़बड़ी का आरोप लगा ग्रामीणों ने किया था हंगामा
- एडीएम, एएसपी की जांच में मिलीं अनियमितताएं
कोल्हुई। जांच में अनियमितता पाए जाने पर बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार सहानी की तहरीर पर वंशराजी इंडेन ग्रामीण वितरण एजेंसी के संचालक मनीष गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी की गई है। बुधवार को उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराने और वितरण में भी गड़बड़ी का आरोप लगाकर हाईवे पर हंगामा किया था।
मामले की जानकारी मिलते ही बुधवार की देर शाम एडीएम प्रशांत कुमार, एडिशनल एसपी डॉ. सिद्धार्थ व जिलापूर्ति अधिकारी एपी सिंह ने गैस एजेंसी पर पहुंचकर दो घंटे तक जांच पड़ताल की। जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार सहानी की तहरीर पर वंशराजी इंडेन ग्रामीण वितरक के संचालक मनीष गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विभाग को शिकायत मिल रही थीं कि एजेंसी उपभोक्ताओं को समय से गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं करा रही है और वितरण में भी गड़बड़ी की जा रही है। जानकारी के अनुसार, जांच के दौरान रिकॉर्ड में 47 भरे पाए गए और 104 खाली सिलिंडर कम मिले। वितरण प्रणाली में पारदर्शिता की कमी और उपभोक्ताओं के साथ लापरवाही जैसी कई अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी ने थाने में तहरीर देकर एजेंसी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। लोगों का कहना है कि कार्रवाई होने से लोगों को राहत की उम्मीद जगी है।
इस संबंध में एसओ कोल्हुई अखिलेश सिंह ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार की तहरीर पर इंडेन गैस एजेंसी के मलिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।