परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के ग्राम छातीराम में जमीन के विवाद को लेकर दबंगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पीड़ित काशीनाथ ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया कि 25 दिसंबर की रात करीब नौ बजे गांव के ही सत्यप्रकाश उर्फ रंजन, बन्टी, विक्की, छोटेलाल व शीला लाठी-डंडा व धारदार हथियार लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और भद्दी गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। डर के कारण काशीनाथ घर के अंदर भागे लेकिन आरोपी घर में घुस आए और लाठी-डंडों से पीटा। बचाव में आई उनकी बेटी पर भी हमला कर दिया। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सत्यप्रकाश उर्फ रंजन, बन्टी, विक्की, छोटेलाल व शीला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।