डीएम को ज्ञापन देकर वापस आते वित्त विहीन शिक्षक संघ के पदाधिकारी।
- फोटो : MAHARAJGANJ
वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ ने एडीएम को सौंपा ज्ञापन
महराजगंज। उत्तर प्रदेश वित्तविहीन विद्यालय प्रबंधक संघ ने प्राथमिक से माध्यमिक विद्यालयों की दयनीय स्थिति व बदहाली को दूर कराने की मांग को लेकर सोमवार को एडीएम से मुलाकात की तथा मुख्यमंत्री को संबोधित पांच सूत्री ज्ञापन सौंपा।
जिलाध्यक्ष रामराज चौरसिया ने कहा कि प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों की बदहाली से प्रबंधक, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो गई है। बंद रहने के कारण जहां विद्यालय ध्वस्त हो रहे हैं वहीं अधिकांश विद्यालय अपने शिक्षकों व कर्मियों को वेतन देने में सक्षम नहीं हैं। बेरोजगारों को नौकरी देने वाले प्रबंधक आज स्वयं नौकरी के लिए परेशान हैं। अपने ज्ञापन में संगठन ने सभी शिक्षकों को प्रतिमाह न्यूनतम 2000 रुपये भरण पोषण भत्ता दिए जाने, विद्युत बिलों की वसूली विद्यालय खुलने के छह माह बाद शुरु करने, ट्रांसपोर्ट व अन्य लोन की ईएमआई को कम से कम विद्यालय बंदी की अवधि तक स्थगित किए जाने, विद्यालय खोलने का शीघ्र आदेश निर्गत करने तथा वित्तविहीन स्कूलों पर जनसूचना के नियमों को लागू न किया जाने की मांग की है। ज्ञापन देने के दौरान नागेंद्र गुप्ता, रितेश त्रिपाठी, नसीम अख्तर, राकेश शर्मा, राजेश शर्मा, दुर्गेश सागर, वीरेंद्र, संजय गुप्ता, जितेंद्र कुशवाहा आदि मौजूद रहे।