चौक बाजार। बृहस्पतिवार को उपनगर में आई बरात में द्वारपूजा के दौरान घरातियों और बरातियों में मारपीट हो गई। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर क्षेत्र के ग्राम सभा बरगदही से नगर पंचायत चौक के एक वार्ड में बरात आई थी। द्वारपूजा निभाई जा रही थी, उसी दौरान नगर पंचायत का एक युवक बाइक से पहुंचा। इस दौरान उसकी बरातियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद युवक ने फोन करके अपने दोस्तों को बुला लिया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे युवक बरातियों के साथ अभद्रता करने लगे। विरोध पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें दूल्हे के भाई सहित चार लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां दूल्हे के भाई की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष रामचरन सरोज के अनुसार, अभी तहरीर नहीं मिली है। संवाद