कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के चकदही गांव में हुआ विवाद
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के चकदही गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई मारपीट में गर्भवती महिला समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार महुली थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी मनीराम ने पुलिस को तहरीर में जानकारी दी कि वह चार जून को चकदही गांव में अपने मौसा के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे।
आरोप है कि रात में भोजन के बाद उनका 12 वर्षीय रिश्तेदार गुलशन पानी पी रहा था। इसी दौरान गांव के एक युवक ने उसे गालियां देते हुए डांटना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवक ने गुलशन की पिटाई कर दी।
जब उन्होंने मारपीट का कारण पूछा तो आरोपी अपने साथियों के साथ उन पर टूट पड़ा। हमलावरों ने डंडों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे लक्ष्मीदयाल, मोहनिया और अन्य लोगों को भी पीटा गया। मारपीट में गर्भवती महिला मोहनिया को भी चोटें आईं, जबकि मनीराम के सिर में गंभीर चोट लगने से रक्तस्राव हुआ। घटना के बाद भी आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।