अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, सबने दी भावपूर्ण विदाई
पिता संजय सिंह ने खेखड़ा घाट पर मुखाग्नि देकर किया अंतिम संस्कार
सिसवा बाजार। कस्बे के इंदिरानगर वार्ड के असमन छपरा निवासी युवा वैज्ञानिक राहुल का शव बुधवार की देर रात उनके पैतृक निवास पहुंचा। बृहस्पतिवार को बेलवा गांव स्थित खेखड़ा घाट पर उनके पिता संजय सिंह ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया। इस दौरान बड़ी संख्या आसपास के गांवों के लोग, पुलिस प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
गौरतलब है कि युवा वैज्ञानिक राहुल की लखनऊ के एक होटल के कमरे में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई थी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को लखनऊ के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में राहुल का शव मिलने के बाद पुलिस ने बुधवार को वीडियो कैमरे की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव को लेकर पिता संजय सिंह, भाई रोहित सिंह और अन्य परिजन देर रात को असमन छपरा पहुंचे। यहां भारी संख्या में क्षेत्र के लोग राहुल के आवास पर इंतजार कर रहे थे।
बृहस्पतिवार की सुबह बेलवा के समीप जुड़ी बाबा स्थान के पास खेखड़ा नदी तट पर युवा वैज्ञानिक के शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान काफी संख्या में क्षेत्रीय लोग, जनप्रतिनिधि व पुलिस फोर्स मौजूद रही। राहुल की अंतिम यात्रा में नगर पालिका परिषद सिसवा के अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरिजेश जायसवाल, अखिलेश सिंह, सुरेंद्र मल्ल,मनीष पटेल सहित आसपास के थानों के प्रभारियों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
जूनियर वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन पर शोक जताने पहुंचे पंकज चौधरी
महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने बृहस्पतिवार को सिसवा बाजार के इंदिरा नगर वार्ड नंबर-17, असमन छपरा निवासी जूनियर वैज्ञानिक राहुल सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। निधन की सूचना मिलने पर उनके आवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। इस दौरान उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
पंकज चौधरी ने राहुल सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राहुल सिंह एक प्रतिभाशाली युवा वैज्ञानिक थे, जिनका असमय निधन न केवल उनके परिवार बल्कि समाज के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी का पूरा परिवार शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने परिजनों से कहा कि वे स्वयं भी हर संभव सहयोग के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राहुल के घर पहुंचे डीएम व एसपी, परिजनों को बंधाया ढाढ़स
- परिजनों से बंद कमरे में 40 मिनट तक वार्ता कर दिया नियमानुसार कार्रवाई का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
सिसवा बाजार। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार को युवा वैज्ञानिक राहुल सिंह के घर जाकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात की। अधिकारियों ने परिजन को सांत्वना देते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार के साथ बंद कमरे में 40 मिनट वार्ता कर घटना से संबंधित मामले की जानकारी ली।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल व पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी दोपहर 12:10 बजे राहुल के घर पहुंचे तो राहुल के माता-पिता अपने पुत्र के मामले में न्याय दिलाने की मांग करने लगे। इस पर उन्हें समझाकर राहुल के कक्ष में ले जाया गया, जहां अधिकारियों ने परिजनों के साथ बंद कमरे में 40 मिनट तक बातचीत की और आश्वस्त करते हुए कहा कि शासन की ओर से मामले के सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से की जा रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, विकास खंड अधिकारी अर्जुन चौधरी, प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा सहित तमाम पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।