महराजगंज। चौक बाजार स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति से खाद मिलेगी। इससे उन्हें अनावश्यक भागदौड़ से छुटकारा मिलेगा। वहीं समितियों को मजबूत बनाने में भी मदद मिलेगी।
ये बातें चौक बाजार स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक सहकारी समिति पर 14 वर्ष बाद उर्वरक वितरण कार्य का शुभारंभ करते हुए सहायक निबंधक सहकारिता सुनील कुमार गुप्ता ने कही। उन्होंने कहा कि कर्ज में डूबे समितियों को अब फिर से उबारने की पहल हो रही है, किसान इसका लाभ उठाएं। समिति के अध्यक्ष गिरिजेश गुप्ता ने कहा कि हम सभी को अपनी समिति को सशक्त व मॉडल बनाने की दिशा में पहल करना है। इफ्को के क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार मौर्या ने कहा कि चौक समिति पर ही उर्वरक के मिलने से किसानों का समय व धन दोनों बचेगा। पहले दूर से लाने में उन्हें किराया देना पड़ता था, अब इससे राहत मिलेगी। कृषि व सहकारिता विभाग की ओर से संचालित अन्य योजनाओं के प्रति उन्हें प्रेरित किया गया। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी कृषि अभिषेक यादव, सचिव अजय मिश्रा, सोनू वर्मा, रघुवर, चंद्रबदन पांडेय, अमित शुक्ला, विश्वनाथ राम समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।