केंद्रों पर गेहूं बेचने के लिए भटक रहे किसान
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल (महराजगंज)। कस्बे से 30 किलोमीटर दूर भारत-नेपाल सीमा से सटे क्षेत्र के बैठवलिया, टिकुलहियां, रूद्रौली, बूढ़ाडीह, नवीन मंडी परिषद निचलौल के अलावा अन्य केंद्रों पर किसान गेहूं बेचने के लिए परेशान हैं। किसान क्रय केंद्रों पर गेहूं रख कर इस उम्मीद से इंतजार कर हैं कि अगले दिन उसे खरीद लिया जाएगा लेकिन क्रय केंद्र प्रभारी गेहूं खरीदने से मना कर किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दे रहे हैं।
बोरी न उपलब्ध होने की जानकारी देकर किसानों को दो तीन दिन बाद आने की बात कहकर चले जा रहे हैं। इसके चलते किसानों को क्रय केंद्रों से गेहूं तौल कराए बगैर लौटना पड़ रहा है। क्षेत्र के गांव परागपुर निवासी सुनील, इंद्रजीत, अशोक पांडेय, गंगासागर गुप्ता, तूफानी प्रसाद, रामकिशुन यादव, नंदकिशोर ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में क्रय केंद्र प्रभारियों का उनके साथ यही व्यवहार हर साल रहता है। गेहूं तौल कराने के लिए क्रय केंद्रों पर नंबर लगाने के बावजूद भी खरीद नहीं की जा रही है। वहीं केंद्र प्रभारी दो तीन दिन बाद आने की बात कहकर किसानों को टरका दे रहे हैं।किसानों की शिकायत के बाद भी अधिकारियों की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे परेशान किसान अपनी उपज औने पौने दामों पर बिचौलियों के हाथों बेचने को विवश हैं। वहीं केंद्र प्रभारियों का कहना है कि गोदामों पर भेजे गए ट्रक जल्दी खाली नहीं हो पा रहे हैं। केंद्र पर बोरियों का अभाव होने से गेहूं खरीद नहीं हो पा रही है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी देवेंद्र कुमार का कहना है कि क्रय केंद्रों से किसानों को लौटाने वाले केंद्र प्रभारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सभी केंद्र प्रभारियों आगाह किया गया है कि किसानों को लौटाएं नहीं अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।