28 हजार किसानों को अब भी केसीसी का इंतजार
- जिले में 69918 के सापेक्ष अब तक 41167 किसानों का ही बना केसीसी
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। किसानों को कृषि क्षेत्र में बढ़ावा देने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने को लेकर शासन द्वारा भले ही जरूरतमंदों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा दी गई है, मगर हकीकत यह है कि बैंकों द्वारा शिथिलता बरतने की वजह से अभी लगभग 28 हजार से अधिक लोग केसीसी का इंतजार कर रहे हैं। यदि समय रहते उन्हें केसीसी का लाभ नहीं मिला तो उनकी मुश्किलें बढ़ेंगी।
जिले में चालू वित्तीय वर्ष में कुल 69918 किसानों को केसीसी योजना का लाभ दिलाने की योजना बनाई गई है। अब तक बैंकों ने कुल 41167 लोगों को केसीसी का लाभ दिलाया है अभी भी 28751 लोगों को केसीसी का इंतजार है। मार्गदर्शी बैंक के मुख्य प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बैंककर्मियों को निर्देशित किया कि वे केसीसी के लक्ष्य को प्रत्येक दशा में पूरा करें।
बैंकवार लक्ष्य के सापेक्ष यह है प्रगति
भारतीय स्टेट बैंक ने 21906 के सापेक्ष 16119, पंजाब नेशनल बैंक ने 6714 के सापेक्ष 3510, सेंट्रल बैंक ने 4445 के सापेक्ष 2376, यूनियन बैंक ने 2381 के सापेक्ष 1189, बैंक आफ बड़ौदा ने 908 के सापेक्ष 285, इंडियन बैंक ने 2558 के सापेक्ष 1121, केनरा बैंक ने 1147 के सापेक्ष 254, एचडीएफसी ने 1404 के सापेक्ष 632, बड़ौदा यूपी बैंक ने 26154 के सापेक्ष 14972, एक्सिस बैंक ने 236 के सापेक्ष 33, बैंक आफ इंडिया ने 382 के सापेक्ष 126, इंडियन ओवरसीज बैंक ने 364 के सापेक्ष 102, बैंक आफ महाराष्ट्रा ने 287 के सापेक्ष 48, यूको बैंक ने 272 के सापेक्ष 49, पंजाब एंड सिंध बैंक ने 314 के सापेक्ष 154, आईसीआईसीआई बैंक ने 446 के सापेक्ष छह तथा जिला सहकारी बैंक ने 191 केसीसी बनाया है।