छूट पर सोलर पंप लगवाएं, सिंचाई की समस्या निपटाएं
महराजगंज। अगर आपके खेत तक नहर, ट्यूबवेल सहित सिंचाई का कोई संसाधन नहीं हैं तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप सोलर पंप लगवाकर अपनी समस्या का निदान करा सकते हैं। इसके लिए सरकार किसानों को अनुदान भी दे रही है।
यूपी नेडा के परियोजना अधिकारी उदयभान त्रिपाठी ने बताया कि किसान अटल सोलर पंप योजना के तहत अपने खेतों में सोलर पंप लगवा कर अपनी फसलों की सिंचाई की समस्या दूर कर सकते हैं। इसके लिए राज्य एवं केंद्र सरकार से अनुदान भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि दो हार्स पावर का डीसी व एसी सर्फेस सोलर पंप की कीमत 1.24 लाख रुपये है, जिसमें से 87094 रुपया केंद्र व प्रदेश सरकार अनुदान देगी। किसान को मात्र 37 हजार के करीब नकदी जमा करनी होगी। वहीं, तीन हार्स पावर डीसी सबमर्सिबुल सोलर की कीमत करीब 1.88 लाख रुपये है, जिसमें से करीब 1.32 लाख रुपये का सरकार की ओर से किसानों को छूट मिल रही है। इसके लिए किसानों को महज 56580 रुपये चुकना होगा। तीन हार्स पावर का एसी सबमर्सिबुल सोलर पंप की कीमत करीब 1.84 लाख रुपये है। इस पर करीब 1.29 लाख मिलेगा। इसमें किसान को सिर्फ 55,564 रुपये देने होंगे। इसी तरह, पांच हार्स पावर एसी सबमर्सिबुल सोलर पंप की कीमत करीब 2.43 लाख है, जिसमें 97436 रुपया की छूट मिलेगी। किसान को करीब 1.46 लाख रुपये देना होगा। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों का चयन पहले बैंक ड्राफ्ट लाओ, पहले सोलर पंप पाओ के सिद्धांत पर होगा। अनुदान पर सोलर पंप लगवाने वाले किसानों को कृषि विभाग में पंजीकरण होना जरूरी है। किसान को जहां सोलर पंप लगवाना चाहता है, वहां विद्युत कनेक्शन नहीं होना चाहिए।