नौतनवा। भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के मंडल अध्यक्ष अवधराज मौर्य के नेतृत्व में सोमवार को किसान नेताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर डीएम को मांग पत्र सौंपा। इस दौरान समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
संगठन के मंडल अध्यक्ष अवधराज मौर्य, जिलाध्यक्ष अवधेश सिंह, जिला प्रभारी ऋषिदेव, जगरनाथ यादव, नुरुलेन, महावीर पासवान, रिंकू त्रिपाठी, जितेंद्र यादव का कहना है कि क्षेत्र के ग्राम लुठहवा में बीएलओ मनमाने ढंग से नाबालिगों का नाम मतदाता सूची से जोड़ रहे हैं। इसके अलावा भी तमाम तरह की लापरवाही और मनमानी की जा रही है। किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया नहीं मिल पा रही है, निजी दुकानदार मनमाना मूल्य वसूल रहे हैं। आरोप है कि लुठहवा में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए लगाए गए पुराने तारबाड़ को ग्राम प्रधान ने खोदाई कराकर मिट्टी में दबा दिया है और मिट्टी बेची जा रही है। इससे किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। किसान नेताओं ने डीएम से समस्या का संज्ञान लेते हुए उसका समाधान कराने की मांग की है। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा का कहना है कि समस्याओं के निस्तारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।