फरेंदा के कुशाग्र यूपी अंडर-16 टीम में चुने गए
बड़ोदरा में आयोजित विजय मर्चेंट ट्राॅफी मे खेलते दिखेंगे कुशाग्र
बोले- बेहतर प्रदर्शन कर इंडिया टीम में शामिल होने का है सपना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा(महराजगंज)। महराजगंज जिले के कुशाग्र ने यूपी अंडर-16 टीम में जगह बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। सबकुछ ठीक रहा तो वह एक दिसंबर से शुरू होने वाले विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए यूपी की टीम की ओर खेलते दिखेंगे।
फरेंदा के कुशाग्र जायसवाल यूपी की टीम में बतौर मीडियम पेस बाॅलर चुने गए हैं। पिछले दिनों लखनऊ में हुए ट्रायल में उन्होंने सर्वाधिक सात विकेट झटके थे। शुरू से क्रिकेट के प्रति लगाव रखने वाले कुशाग्र ने प्रोफेशनल क्रिकेट की शुरुआत 2019 में की। इसके बाद लगातार कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन की बदौलत अंडर 16 का सफर तय किया। फिलहाल वह पूर्व रणजी क्रिकेटर मोहम्मद आसिफ के मार्गदर्शन में लखनऊ में ट्रेनिंग ले रहे हैं।
महालेखाकार लखनऊ में सीनियर ऑडिट ऑफिसर के पद पर कार्यरत कृष्ण कुमार जायसवाल और शिक्षिका डॉ. प्रज्ञावती के बेटे कुशाग्र ने बताया कि क्रिकेट उनके लिए जुनून की तरह है। भारतीय क्रिकेट टीम में चयन होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना है। इसके लिए लगातार मेहनत करता रहता हूं। उन्होंने बताया कि लखनऊ में बेहतर प्रशिक्षण से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाए।
उधर, कुशाग्र की सफलता पर कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व विधायक विनोद तिवारी , चेयरमैन विजय लक्ष्मी जायसवाल , चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश जायसवाल आदि लोगों ने खुशी जाहिर की।