महराजगंज। सोमवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को महिलाओं ने छठ घाटों पर पहुंचकर श्रद्धा का अर्घ्य अर्पित किया। परिवार की सलामती के लिए रखे जाने वाले उपवास में व्रत रखने वाली महिला का हर सदस्य ने सहयोग किया। छठ घाटों पर शाम के इस आयोजन के लिए पूजन सामग्री पहुंचाने की जिम्मेदारी पुत्र, पौत्र, पति, देवर निभाते दिखे। वह छठ उपासना में प्रयुक्त सामग्री आस्था रूपी बहंगी में कांधे उठाकर पहुंचाया। पर्व पर छठ घाटों पर देर शाम तक मेले जैसा माहौल दिखा। छठ पर्व पर जिला मुख्यालय के उद्योग तिराहा स्थित व बलिया नाला छठ घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य व छठ माता के पूजन के लिए शाम तीन बजे के बाद से ही व्रती महिलाएं जुटने लगी। परिवार के अन्य सदस्य भी पूजन सामग्री उठाकर चलते दिखे। कोई दउरी(टोकरी) में पूजन सामग्री उठाए दिखा तो कोई डाल को बहंगी में लेकर सहायता में जुटा।