निचलौल। स्थानीय ब्लॉक के तीन गांवों में 15 अगस्त पर टेंट और कुर्सी के साथ ही स्वच्छता के नाम पर फर्जी भुगतान कर जिम्मेदारों ने बंदरबांट कर लिया था। उक्त मामले की शिकायत होने पर अमर उजाला ने 15 अक्टूबर के अपने अंक में ‘’टेंट और कुर्सी के इंतजाम के नाम पर फर्जी भुगतान का आरोप’’ नामक शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
इसके बाद विभाग के जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया। वहीं विभाग के अधिकारियों की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए आनन-फानन में जांच शुरू कर दी गई।
जांच के बाद सहायक विकास अधिकारी पंचायत की ओर से ग्राम विकास अधिकारी सहित तीनों गांवों के ग्राम प्रधानों को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है। सहायक विकास अधिकारी पंचायत विनय कुमार पांडेय ने गांव बरवा कृपाल के ग्राम विकास अधिकारी मोहम्मद अलहाक और ग्राम प्रधान रमेश यादव के खिलाफ जारी नोटिस में बताया है कि शिकायत के आधार पर अमर उजाला अखबार में खबर प्रकाशित हुई थी, कि 15 अगस्त पर गांव में टेंट और कुर्सी लगवाने के नाम पर फर्जी तरीके से मेसर्स विनय ट्रेडर्स को 27,250 रूपए का भुगतान किया गया है।