एमएलसी सदस्य का निर्वाचन शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी हो इसका निर्देश चुनाव प्रेक्षक ने अफसरों को दिए हैं। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में चुनाव को लेकर बैठक हुई। जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पीठासीन और मतदान अधिकारियों को चुनाव की बारीकियां बताई गईं।
निर्वाचन आयोग के प्रेक्षक मंजूर अहमद ने मंगलवार को आयोजित बैठक में कहा कि निष्पक्षता के साथ तीन मार्च को मतदान संपन्न कराएं। क्योंकि इस चुनाव में मतदाताओं की संख्या काफी कम है और समय पर्याप्त है। पीठासीन अधिकारी निर्देशों की पुस्तिका का भलीभांति अध्ययन कर लें।
जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम सुनील कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मतदान केंद्र के अंदर निष्पक्षता बनाए रखने की जिम्मेदारी पीठासीन अधिकारी की है। मतदान केंद्र के अंदर किसी को मोबाइल ले जाने की इजाजत नहीं होगी। कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए जाएंगे। मतदान की पूरी प्रक्रिया को देखेंगे तथा रिपोर्ट प्रेक्षक को देंगे।
सभी पीठासीन अधिकारी मतदान केंद्र को रवाना होने के पूर्व मतदाता सूची, अन्य सामग्रियों का मिलान कर लें। दो मार्च को मतदान केंद्र पर पहुंचना है। रात में वहीं रुकने की व्यवस्था है। पुलिस अधीक्षक भारत सिंह ने कहा कि मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहेगी। केंद्र पर अनावश्यक भीड़ नहीं रहने दी जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम केएस पांडे ने कहा कि मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होगा जो शाम चार बजे तक चलेगा। मतदान केंद्र में मतदाता तथा अधिकृत व्यक्ति ही प्रवेश कर सकेंगे।