महराजगंज/ठूठीबारी। नवलपरासी के बर्दघाट में क्रेन की ठोकर से निर्माणाधीन कारखाना गिरा गया। हादसे में तीन नेपाली व सात भारतीय मजदूर घायल हो गए हैं।
नेपाल नवलपरासी जिले के जिला प्रहरी कार्यालय सूचना अधिकारी डीएसपी रेशम बोहरा ने बताया कि बर्दघाट नगर पालिका वार्ड 12 भटवलिया में रमेश टायल्स उद्योग के लिए बनाए जा रहे कारखाने में क्रेन व मजदूरों द्वारा काम किया जा रहा था। उसी दौरान क्रेन से कारखाना में ठोकर लग गया, जिससे कारखाना जमीन पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से भारतीय मजदूर बिहार राज्य के रक्सौल निवासी सिकंदर भारती, मुजफ्फरपुर छपरा निवासी मोहम्मद साहिक, मोहम्मद सदिक, अतिर त्यागी, जावेत त्यागी, मसरुफ मोहम्मद, अमन मोहम्मद व नेपाल के बर्दघाट भटवलिया वार्ड 12 निवासी कमलेश हरिजन, पर्सा जिले के वीरगंज निवासी अमरेंद्र प्रसाद शाह, रौतहट जिले के भुतहा निवासी राजेश कुमार घायल हो गए। मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच बचाने के प्रयास के साथ ही पुलिस को सूचना दी। सभी घायलों को चौपतवां सामुदायिक स्वास्थ्य में भर्ती कराया गया, जहां भारतीय मजदूर अतिर त्यागी की हालत गंभीर बताई जा रही है।