महराजगंज। जिला अस्पताल में डिजिटल एक्स-रे मशीन का कंप्रेशर ब्लॉट हो गया है। इससे बृहस्पतिवार को लोगों को बाहर से एक्स-रे कराना पड़ा। खराब हुए कल पुर्जो को मंगाने की व्यवस्था की जा रही है। एक्स-रे मशीन ठीक होने में करीब एक सप्ताह का वक्त लग सकता है। इस बीच मरीजों को जिला अस्पताल में मैनुअल या बाहर से एक्स-रे कराना होगा।
बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में एक्स-रे अनुभाग में ज्ञानती देवी मिली। वह मुजहना गांव से आईं थी। वह एक्स-रे कराने के लिए पर्ची लेकर इधर-उधर टहल रहीं थीं। उनके साथ बेटा भी आया था। वह अस्पताल के एक कर्मी से पूछा कि आज एक्स-रे हो पाएगा या नहीं। कर्मी ने कहा कि मशीन खराब हो गई है। मैनुअल मशीन ठीक है। उससे एक्स-रे हो जाएगा, लेकिन वहां भी कई लोग नंबर लगाकर बैठे थे।
इसी तरह से छत्रपति शाहू जी महराज नगर के शरद तिवारी भी परेशान दिखे। उन्हाेंने बताया कि डिजिटल एक्स-रे ठीक रहता है, लेकिन यहां तो मशीन खराब हो गई। अब बाहर जाकर निजी सेंटर पर एक्स-रे कराउंगा। अस्पताल में अक्सर एक्स-रे मशीन खराब होती रहती है। इन लोगों की तरह अन्य मरीज भी परेशान दिखे। बीते माह भी एक्स-रे मशीन खराब हुई थी। उस समय भी लोगों को परेशान होना पड़ा था। करीब 15 दिन मशीन ठीक होने में लग गए थे।
जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एपी भार्गव ने बताया कि मशीन ठीक कराने के लिए इंजीनियर को बुलाया गया है। खराब पार्ट्स आते ही मशीन ठीक करा दी जाएगी। मैनुअल एक्स-रे मशीन संचालित है। मरीजों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। उपलब्ध संसाधनों में बेहतर कार्य करने का प्रयास जारी है।