महराजगंज। ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें बड़े अस्पतालों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। जिले के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों से ही मरीजों का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों से कराया जाएगा। यह सुविधा ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, जिसके जरिए स्त्री एवं प्रसूति रोग, हृदय रोग सहित अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ से परामर्श मिलेगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पीड़ित मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सीएचओ इस सुविधा में विशेषज्ञ डॉक्टर को वीडियो कॉल के माध्यम से मरीजों से बात करेंगे, उनकी जांच रिपोर्ट देखेंगे और आवश्यक सलाह देंगे। मरीज को जो भी दवा देनी होगी, उसकी पर्ची डॉक्टर सीधे मैसेज के जरिए हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर भेज देंगे। वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मी मरीज को दवा उपलब्ध कराएंगे।
स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस व्यवस्था से न केवल समय और धन की बचत होगी, बल्कि मरीजों को तत्काल इलाज मिलने की संभावना भी बढ़ जाएगी। इसके अलावा, डॉक्टर और मरीज के बीच सीधा संवाद होने से बीमारियों का सही निदान करना आसान होगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.श्रीकांत शुक्ला ने बताया कि ई-संजीवनी पोर्टल एक आटो कनेक्टेड प्रक्रिया है, जिसमें हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारी मरीज की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करेंगे। इसके बाद यह डाटा सीधे विशेषज्ञ डॉक्टर तक पहुंच जाएगा। डॉक्टर उसी समय वीडियो के जरिए मरीज से बातचीत कर इलाज शुरू कर देंगे।