जिला स्वास्थ्य व पोषण दिवस (वीएचएनडी) कार्यक्रम में कर्मियों की ओर से गंभीरता न दिखाने पर सीडीओ ने कार्रवाई के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजंगज। जिला स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) कार्यक्रम में आंगनबाड़ी, आशा व एएनएम की ओर से गंभीरता न दिखाए जाने से नाराज मुख्य विकास अधिकारी ने छह बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) व स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा है।
मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में जिला पोषण समिति की बैठक में कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी पोषण दिवस पर सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और आशा न सिर्फ उपस्थित रहें, बल्कि सभी निर्धारित गतिविधियों को सही ढंग से संपन्न कराएं। ब्लॉक पोषण समिति की नियमित बैठक न होने पर नाराजगी जताते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमित समीक्षा का निर्देश दिया। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को कायाकल्प के 18 बिंदुओं पर संतृप्त करने के लिए मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज 98.7 प्रतिशत लाभार्थियों का आधार सत्यापित कर लिया गया है। इस दौरान उपायुक्त राकेश कुमार पांडेय, सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी व अन्य लोग मौजूद थे।
इन्हें देनी होगी सफाई
जिले में तैनात बाल विकास परियोजना अधिकारी नौतनवां, परतावल, पनियरा, मिठौरा, निचलौल व सदर को तथा स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी को स्पष्टीकरण देना होगा।