जिला होम्योपैथ अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने बुधवार को जिला होमियोपैथ अस्पताल तथा राजकीय कृषि रक्षा इकाई सदर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला होमियोपैथ अधिकारी के कार्यालय में गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जताई। पिछले साल खरीद गई दवा से संबंधित पत्रावली उपलब्ध न करा पाने पर डीएम ने उनसे स्पष्टीकरण तलब कर लिया। उन्होंने जिला कृषि रक्षा इकाई कार्यालय में लगे निजी कंप्यूटर व फोटो कापी मशीन देख नाराजगी जताई।
जिला होमियोपैथ कार्यालय के निरीक्षण के दौरान होमियोपैथ अधिकारी डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद, फार्मासिस्ट शफीउद्दीन, वार्ड ब्वाय अंजलि पटेल, चौकीदार भुलई प्रसाद उपस्थित मिले। कार्यालय में गंदगी के अलावा कई कमियां भी मिलीं। डीएम ने जब जिला होमियोपैथ अधिकारी से पिछले साल खरीदी गई दवाओं की पत्रावली तलब की तो वह उपलब्ध नहीं करा सके। जिस पर डीएम ने उनसे स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं, राजकीय कृषि रक्षा इकाई सदर के निरीक्षण के दौरान कृषि कामदार कैलाश पटेल मौजूद मिले। जिनसे दवाओं की उपलब्धता की जानकारी हासिल की। कृषि रक्षा इकाई परिसर में बाहरी संचालक का कंप्यूटर व फोटो कापी मशीन देख नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल हटवाने का निर्देश दिया।