एक्साइज ड्यूटी के विरोध में उतरे व्यापारी
उत्पादन कर और दो लाख के आभूषण खरीद पर पैन कार्ड की अनिवार्यता का विरोध व्यापारियों ने किया है। इसे खत्म करने के लिए भारत सरकार के वित्त मंत्री के नाम पत्र और अन्य मांगों का ज्ञापन डीएम को दिया।
बृहस्पतिवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के सदस्यों ने कलेक्ट्रेट में डीएम से मुलाकात की। जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार रूंगटा ने बताया कि जनपद के व्यापारियों एवं स्वर्ण व्यवसायी के पर नए बजट में एक प्रतिशत उत्पादन कर लगाया गया है। जिसे तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।
महामंत्री फूलचन्द्र अग्रवाल ने मांग की कि दो लाख के आभूषण खरीद पर लगे पैनकार्ड की अनिवार्यता को शीघ्र समाप्त किया जाए। कहा कि अगर इन दोनों मांगों को माना नहीं गया तो उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के लोग सड़क पर धरना देने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान जिला कोषाध्यक्ष रविकांत पटेल, जिला मंत्री फूलचन्द अग्रवाल, रामेश्वर जायसवाल, राम प्रवेश वर्मा, घनश्याम वर्मा, कन्हैया लाल वर्मा, कृष्ण वर्मा, रिंकू वर्मा, रितेश वर्मा, रामप्यारे वर्मा आदि उपस्थित रहे।