विरोध प्रदर्शन से सड़क पर लगी वाहनों की कतार, जाम में फंसे लोग
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे बच्चों को समझाया, तब जाकर मिली राहत
निचलौल। थानाक्षेत्र के निचलौल-बहुआर जंगल मार्ग पर शनिवार की सुबह स्कूली बच्चों ने खराब सड़क के विरोध जमकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझाकर हटाया और आवाजाही शुरू करा दी। प्रदर्शन करने वालों में मुख्य तौर पर दो स्कूलों के बच्चे शामिल रहे।
जानकारी के अनुसार, निचलौल-बहुआर जंगल मार्ग पर स्थित वन देवी स्थान के पास शनिवार की सुबह करीब सात बजे गड्ढे में तब्दील सड़क के निर्माण की मांग को लेकर स्कूली बच्चों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर बच्चों ने खूब नारेबाजी की। देखते ही देखते मार्ग पर वाहनों, साइकिल सवारों और अन्य राहगीरों की लंबी कतार लग गई।
प्रदर्शन कर रहे बच्चों के समर्थन में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और उनका साथ देते हुए प्रदर्शन करने लगे। करीब एक घंटे तक मार्ग बाधित रहने के बाद मौके पर निचलौल थानाध्यक्ष अंकित कुमार सिंह अपने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।
ग्रामीणों के अनुसार, छात्र रोजाना सड़क से होकर स्कूल आते-जाते हैं। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण उन्हें आवाजाही में काफी परेशानी होती है। रोज की परेशानी से आजिज आकर शनिवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा।
पुलिस पर प्राथमिकी दर्ज करने की धमकी देने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे बच्चों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें सड़क से न हटने पर लाठीचार्ज करने और प्राथमिकी दर्ज करने की धमकी दी। साथ ही कुछ बच्चों ने मोबाइल छीनने, बाइक की हवा निकालने और उठक-बैठक कराने का भी आरोप लगाया। हालांकि थानेदार अंकित कुमार सिंह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया। थानेदार ने बताया कि निचलौल-बहुआर जंगल मार्ग व्यस्त मार्ग है। वर्तमान समय में पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। कुछ युवकों ने स्कूली बच्चों को आगे खड़ा कर जंगल मार्ग को जाम करा दिया था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल कर दिया गया।