90 मिनट की होगी परीक्षा, तीन प्रश्नों का देना होगा उत्तर
- सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने बदली व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय से संबंद्ध व जिले में संचालित होने वाले 65 से अधिक महाविद्यालयों में अध्ययनरत स्नातक द्वितीय व तृतीय वर्ष तथा परास्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें तीन घंटे की बजाए डेढ़ घंटे की परीक्षा देनी होगी। पांच की बजाए कुल तीन प्रश्नों का उत्तर देना होगा।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु द्वारा इस बार स्नातक व परास्नातक परीक्षा को लेकर जो व्यवस्था बनाई गई है उसके मुताबिक अब परीक्षार्थियों को तीन घंटे की जगह पर सिर्फ डेढ़ घंटे की ही परीक्षा देनी होगी। पहले परीक्षार्थियों को खंड अ के चार प्रश्नों में से किसी दो तथा खंड ब से चार प्रश्नों में से किसी दो का उत्तर देना होता था, अब खंड अ के पहले प्रश्न का उत्तर देना अनिवार्य होगा, इसके साथ ही खंड ब से भी दो प्रश्नों का उत्तर देना होगा। इस प्रकार स्नातक हो या परास्नातक सभी के परीक्षार्थियों के लिए तीन प्रश्नों का उत्तर देना जरूरी होगा। महाविद्यालयों के परीक्षा के लिए नोडल बनाए गए राजकीय डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार पाल ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा इस बार डेढ़ घंटे में ही परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया है। परीक्षार्थियों को कुल तीन प्रश्नों का उत्तर देना होगा।
22 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
प्राचार्य ने बताया कि डॉ. भीमराव आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में स्नातक वाणिज्य वर्ग में बुधवार को कुल 22 परीक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। परीक्षा को सुचारु रुप से संपन्न कराया गया। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं 10 अगस्त तक प्रस्तावित हैं।