महराजगंज। अगर आप कुछ नई खोज कर रहे हैं अथवा कुछ नया अपने प्रयोग से हासिल कर चुके हो, जो समाज के लिए किसी स्तर पर बेहतर परिणाम देने में सक्षम हो तो जीएसवीएस में लगने वाली प्रदर्शनी आपके लिए है। राज्य विज्ञान क्लब की ओर से नवप्रवर्तन प्रदर्शनी 26 अक्तूबर को गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर काॅलेज में आयोजित की गई है।
इसमें स्कूली विद्यार्थी के अलावा हर वह व्यक्ति शामिल हो सकता है जिसने किसी क्षेत्र विशेष में किसी तरह का नया माडल तैयार किया हो और वह लोगों के लिए उपयोगी हो। इस प्रदर्शनी का अवलोकन जिलाधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी करेंगे। सिर्फ स्कूल के विद्यार्थियों ही नहीं कुछ नया करने वाले हर युवा की क्षमता के प्रदर्शन का मौका नवप्रवर्तन प्रदर्शनी के जरिए दिया गया है। इसके लिए बड़े पैमाने पर लोगों को जागरूक भले ही न किया गया हो, लेकिन खादी ग्रामोद्योग, उद्योग विभाग व एनआररएलएम के जरिए समाज के हर वर्ग को इसके लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी डीआईओएस स्तर से दिया गया है।
कृषि कार्य में सहायक कोई नया उपकरण जो किसानों के लिए लाभकारी हो सके ऐसे लोग प्रदर्शनी में अपने माडल के साथ पहुंच सकते हैं। इसके अलावा साइबर फ्राड से बचने, चोरी की घटना पर रोक, सफाई कार्य बेहतर करने, बिजली खपत नियंत्रित करने, तेल की खपत कम करने, पराली से छुटकारा दिलाने के लिए कोई यंत्र या उत्पाद इत्यादि की शोध करने वाला हर व्यक्ति इस प्रदर्शनी का अंग बन सकता है।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि नवाचार से जुड़ा कोई भी खोज समाज के लिए हितकर है तो वह प्रदर्शनी के अंतर्गत आ सकता है। ऐसे लोग अपने यूनिक आइडिया व माडल के साथ प्रदर्शनी में आ सकते हैं। अगर उनके माडल की उपयोगिता अधिकारियों के समझ में आई तो उसे सलेक्ट कर पेटेंट कराया जा सकता है। कार्यक्रम के लिए अखिलेश्वर राव को कार्यक्रम समन्वयक बनाया गया है। सभी स्कूलों के विज्ञान शिक्षकों को इस प्रदर्शनी को सफल बनाने व उपस्थित होने के लिए निर्देश दिए जा चुके हैं।