महराजगंज। रविवार को जिले के तीन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियों का मूल्यांकन शुरू हुआ। पहले दिन हाई स्कूल की 3890 और इंटर की 8126 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ।
जीएसबीएस इंटर कॉलेज में कॉपियों के मूल्यांकन के लिए बोर्ड की ओर से 1 लाख 70 हजार 928 इंटर की कॉपियां भेजी गई हैं। पहले दिन 8126 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ। कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने बताया कि कॉपियों के मूल्यांकन के लिए कुल 403 परीक्षक व 48 उप प्रधान परीक्षक लगाए गए हैं, जिसमें मूल्यांकन के पहले दिन 205 परीक्षक व 41 उप प्रधान परीक्षक ही उपस्थित हुए। 108 परीक्षक व सात उप प्रधान परीक्षक अनुपस्थित रहे।
महराजगंज इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की कुल 81 हजार 23 कॉपियों के मूल्यांकन के लिए 270 परीक्षक और 28 उप प्रधान परीक्षक लगाए गए हैं। रविवार को 122 परीक्षक व 14 उप प्रधान परीक्षकों ने कुल 3890 कॉपियों का मूल्यांकन किया। स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने बताया कि कॉपियों के मूल्यांकन के समय कुल 162 परीक्षक अनुपस्थित रहे। जिसमें 14 उप प्रधान परीक्षक और 50 वित्त विहीन परीक्षक शामिल थे। उन्होंने बताया कि पहले दिन हिन्दी, सामाजिक विज्ञान, कला और कॉमर्स विषय की कॉपियां जांची गईं।