तीन दिन में चोरी की दूसरी बड़ी वारदात से बसहिया खुर्द गांव में दहशत
श्यामदेउरवां क्षेत्र में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने बसहिया खुर्द के पंचायत भवन से की चोरी
परतावल। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने बसहिया खुर्द के पंचायत भवन के मुख्य गेट की कुंडी काटकर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। मंगलवार सुबह जब ग्रामीण रोज की तरह टहलते हुए पंचायत भवन की ओर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला देख उन्हें शक हुआ। इसकी सूचना तत्काल ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राकेश पटेल को दी। बसहिया खुर्द गांव में तीन दिन में दूसरी बड़ी चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
मौके पर पहुंचे प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीणों ने जब अंदर का नजारा देखा तो उनके होश उड़ गए। पंचायत भवन के कंप्यूटर कक्ष का दरवाजा टूटा हुआ था और कमरे में रखा कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर, प्रिंटर, कीबोर्ड, माउस समेत कई महत्वपूर्ण उपकरण लापता थे। इतना ही नहीं, चोर पंचायत भवन में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उखाड़ ले गए, ताकि उनके चेहरे या गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को दिनभर पंचायत सहायक ने पंचायत भवन में सरकारी कार्य किया था। शाम को भवन में ताला बंद कर वह घर चली गई थीं।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। उनका दावा है कि पंचायत भवन और तीन दिन पहले बंद मकान में हुई चोरी का तरीका बिल्कुल एक जैसा है। दोनों घटनाओं में कुंडी को आरी ब्लेड से काटकर चोर अंदर दाखिल हुए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि एक ही गिरोह दोनों वारदातों के पीछे हो सकता है। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश सिंह ने बताया कि घटनाओं की जानकारी मिली है और पुलिस टीम जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
तीन दिन पहले बंद घर से लाखों के जेवरात की हुई थी चोरी
परतावल। बसहिया खुर्द गांव में इससे पहले बीते शनिवार को भी चोरों ने एक बंद मकान में चोरी की थी। गांव निवासी ओमप्रकाश गुप्ता 28 अप्रैल को पूरे परिवार के साथ मुंबई गए हुए थे। घर में ताला बंद था और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था, जिसकी निगरानी मोबाइल से की जा रही थी। शनिवार को अचानक कैमरा बंद होने पर परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने रिश्तेदार आदित्य को घर देखने भेजा। आदित्य जब मौके पर पहुंचे तो पीछे का दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे और आलमारी के ताले टूटे हुए थे। चोर घर में रखा सोने का हार, नथिया, टीका, चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके समेत लाखों रुपये के जेवरात, चांदी के सामान, बर्तन और कपड़े चोरी कर ले गए थे।