कलक्ट्रेट सभागार में बैठक करते केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी।
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इस दौरान उन्होंने जिम्मेदारों को दिशा के निर्देशों का अनुपालन समय से कराने के निर्देश दिए। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने तीन मृतक आश्रितों प्रिया पासवान पत्नी स्व. गुड्डू पासवान को सहायक विकास अधिकारी, उत्कर्ष पटेल स्व. प्रेम सागर पटेल को ग्राम विकास अधिकारी और पल्लवी पटेल पत्नी स्व. शेषमुनि पटेल को ग्राम पंचायत अधिकारी को नियुक्ति प्रमाणपत्र दिया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों द्वारा समिति के समक्ष विभिन्न मुद्दों को उठाया गया। विधायक सदर ने फुरसतपुर बाजार की सड़क का मामला उठाया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सड़क जनहित से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए वन विभाग सड़क को स्वयं बनवा दे, या अनापत्ति प्रमाण पत्र दे दे ताकि विधायक उसे अपनी निधि से बनवा दें। नहरों के किनारे झाड़ियों के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर चिंता व्यक्त की और सिंचाई विभाग को झाड़ियों की कटाई कराने के लिए कहा। नगर पालिका परिषद में विस्तारीकरण में शामिल वार्ड पोर्टल पर अपलोड न होने से विधवा व वृद्धा पेंशन जैसी सुविधाओं से वार्ड के लोग वंचित रह जाते हैं। विधायक फरेंदा ने भी गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर एनएच के निर्माण से जलभराव की स्थिति पर रोष व्यक्त किया। विधायक नौतनवा ने बिना जनप्रतिनिधियों को सूचित किए शिलान्यास/उद्घाटन को लेकर नाराजगी व्यक्त की। विधान परिषद सदस्य ध्रुव कुमार त्रिपाठी के प्रतिनिधि द्वारा भी किसानों के हित में न्याय पंचायत स्तर पर किसान पाठशाला और रबी सत्र में सुचारू उर्वरक वितरण का मुद्दा उठाया। मंत्री ने आयुष्मान योजना में कुछ पंजीकृत अस्पतालों द्वारा मरीजों से पैसा लेने की शिकायत को गंभीरता से लेने और ऐसे अस्पतालों को चिंह्नित कर कार्रवाई का निर्देश दिया। बेसिक शिक्षा की समीक्षा में रसोइयों के मानदेय का ससमय भुगतान का निर्देश दिया। बैठक में अनुपस्थित रहने पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने समस्त मंडी सचिव को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक पनियरा ज्ञानेन्द्र त्रिपाठी, विधायक सदर जय मंगल कन्नौजिया, विधायक नौतनवा ऋषि त्रिपाठी, विधायक फरेंदा वीरेन्द्र चौधरी आदि मौजूद रहे।