नौतनवा। स्थानीय कस्बे में गांधी चौक के पास नाला निर्माण में बाधक बन रहे अतिक्रमण को रविवार को प्रशासन ने बुलडोजर से हटा दिया। अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज के निर्देश पर नगर पालिका के कर्मचारियों ने 100 मीटर तक अभियान चलाकर पक्के अतिक्रमण को हटाया।
अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज ने बताया कि नौतनवा कस्बे में नाला निर्माण का कार्य चल रहा है। कई स्थानों पर कुछ लोगों ने पक्का निर्माण कर लिया है। इसके कारण निर्माण कार्य को गति देने में बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि निर्देश के बाद कुछ लोगों ने अपना कब्जा हटा लिया था। रविवार को बुलडोजर चलाकर कब्जे को हटवा दिया गया। अन्य लोगों को भी कब्जा हटवाने की नसीहत दी गई है। यदि किसी ने भी मनमानी करने की कोशिश की तो संबंधित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।