सोनौली। नगर पंचायत के वार्ड नंबर 5 में राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित खलिहान की जमीन पर हुए अतिक्रमण को प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर पूरी तरह से मुक्त करा लिया। इस दौरान दो अर्धनिर्मित मकानों को ध्वस्त कर दिया गया।
शुक्रवार की दोपहर तहसीलदार नौतनवा के नेतृत्व में नायब तहसीलदार, नगर पंचायत सोनौली के अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत कर्मी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि खलिहान की जमीन जो अराजी संख्या 143 के तहत आती है पर कुछ लोगों ने मकान बनाकर अवैध कब्जा कर लिया था।
नगर पंचायत प्रशासन ने अतिक्रमण करने वालों को पहले विधिक नोटिस जारी किया था। अतिक्रमण न हटाने पर प्रशासन ने खलिहान की भूमि पर बने दो अर्धनिर्मित मकानों को ध्वस्त कर दिया। ईओ राहुल यादव ने बताया कि यह जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित है। इसके अलावा, इसी स्थान पर गजरजोत क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर स्थित एक काली माता मंदिर को स्थानांतरित कर स्थापित करने की योजना है। संवादम