पैदल मार्च निकाल कर प्रदर्शन करते रोजगार सेवक।संवाद
महराजगंज। विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को सदर ब्लॉक परिसर से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद के नेतृत्व में पहुंचे कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा। उन्होंने एचआर पॉलिसी लागू करने, मानदेय बढ़ाने और नियमित करने की मांग की।
जिलाध्यक्ष ब्रह्मानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अक्तूबर 2021 में लखनऊ के इको पार्क में ग्राम रोजगार सेवकों और मनरेगा कर्मियों के हित में कई घोषणाएं की थीं। इनमें एचआर पॉलिसी लागू करने और मानदेय बढ़ाने का आश्वासन भी शामिल था लेकिन अब तक इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, इससे कर्मचारियों में नाराजगी है।
रोजगार सेवकों ने कहा कि प्रदेश के अन्य विभागों में संविदा कर्मियों के मानदेय में वृद्धि की गई है लेकिन ग्राम विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत वीबीजी रामजी कर्मियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिला। लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तीन दिसंबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। पैदल मार्च में ओमप्रकाश आर्य, राजेंद्र, प्रियंका, अयोध्या, मनोज, बाबूराम, अमित कुमार जायसवाल, धर्मेंद्र और रमेश सहित अन्य रोजगार सेवक शामिल रहे।