महराजगंज। विकास खंड सदर में बुधवार को ग्राम रोजगार सेवकों ने बकाया मानदेय के भुगतान को लेकर हंगामा किया। रोजगार सेवक नागेंद्र, सुरेश, कमलेश ने बताया कि खंड विकास अधिकारी सदर की ओर से तीन महीने का मानदेय रोक दिया गया है।
भुगतान की बात की जाती है तो अभद्र व्यवहार किया जाता है। आक्रोशित रोजगार सेवकों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से भी की। रोजगार सेवकों का कहना है कि 21 जुलाई 2025 को शासन द्वारा प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवकों के मानदेय का भुगतान किया गया, लेकिन विकास खंड सदर के 23 रोजगार सेवकों का तीन महीने का मानदेय बिना किसी सूचना के रोक दिया गया। रोजगार सेवकों ने आरोप लगाया कि बीडीओ ने न केवल उनका मानदेय रोका, बल्कि शिकायत करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ओमप्रकाश आर्य, राकेश, प्रमोद विश्वकर्मा, कमलेश, परमजीत, वंदना पटेल, नागेंद्र चौधरी, बाबूराम, सुनीता, संतोष कुमार आदि शामिल रहे। बीडीओ कृष्णकांत शुक्ला ने आरोप को बेबुनियाद करार देते हुए नियमानुसार काम करने की बात कही। संवाद