- बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से कक्षा चार व पांच के विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की होगी पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। जिले में संचालित होने वाले 1458 परिषदीय प्राथमिक व कम्पोजिट स्कूल में अध्ययनरत कक्षा चार व पांच के विद्यार्थियों को बुनियादी साक्षरता व संख्या ज्ञान से जोड़ने पर जोर होगा। विद्यालयों में नामित शिक्षक उनके सुधार की दिशा में पहल करेंगे।
जिले में संचालित होने वाले 1458 परिषदीय प्राथमिक व कंपोजिट स्कूल में कक्षा चार व पांच में 50 हजार से अधिक विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इन विद्यार्थियों को भाषा व गणित की शिक्षा से जोड़ने के लिए शिक्षकों की ओर से नियमित रूप से एक-एक घंटे गतिविधियों को कराया जाना है। शिक्षकों को लगातार चार सप्ताह तक दोनों विषयों की गतिविधियों को कराए जाने के बाद लगभग एक सप्ताह तक उसके सुधार की दिशा में पहल की जानी है। खेल-खेल में व मनोरंजक तरीके से बच्चों को शैक्षिक गतिविधि से जोड़ते हुए उनकी समझ को विकसित करने का कार्य होगा।
-
एसआरजी, एआरपी व डायट मेंटर करेंगे सहयोगात्मक पर्यवेक्षण
राज्य संदर्भदाता समूह, एकेडमिक रिसोर्स पर्सन व डायट मेंटर की ओर से विद्यालयों में पहुंचकर सहयोगात्मक पर्यवेक्षण किया जाएगा। जिससे कि शिक्षकों की ओर से दी जा रही शिक्षा का मूल्यांकन हो सके एवं सुधारात्मक रूप से और जानकारी प्रदान की जा सके।
प्राथमिक स्तर के बच्चों में बुनियादी साक्षरता व संख्या ज्ञान के विकास पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षक कक्षा चार व पांच के विद्यार्थियों को भाषा व गणित विषय में पारंगत करने की दिशा में कार्य करें।
श्रवण कुमार गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी