महराजगंज। पनियरा ब्लॉक के बड़हरा लाला क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी देना रहा।
सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुमार ने बताया कि शासन की ओर से महिला सशक्तीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इनमें प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत रसोई गैस कनेक्शन, जननी सुरक्षा योजना के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के जरिए बालिकाओं को प्रोत्साहन, स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी योजनाओं द्वारा आर्थिक सशक्तिकरण, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन योजनाएं प्रमुख हैं।
राकेश पासवान ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी देकर महिलाओं को मजबूत किया जा रहा है।