- 17 से 17 अक्तूबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
- वार्डों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर होगी विशेष सफाई
महराजगंज। शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाने और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नगर पालिका परिषद अब एक माह तक विशेष अभियान चलाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत वार्डों से लेकर बाजार और प्रमुख मार्गों तक विशेष सफाई कराई जाएगी।
मंगलवार को नगर पालिका सभागार में नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की कार्ययोजना तय की गई। नगर पालिका अध्यक्ष ने लोगों से घरों और दुकानों से निकलने वाला कूड़े को सड़क अथवा सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकने की अपील की। साथ ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने और पालिका के कूड़ा संग्रहण व्यवस्था में सहयोग करने के लिए लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान के दौरान नगर के सभी प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलेगा। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी और जरूरत के अनुसार सफाई कर्मियों की टीमें सक्रिय की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ ही नियमित कूड़ा उठान और कूड़ा अलग-अलग रखने की व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा।
जिला प्रबंधक अधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए विभागीय टीम के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। प्रोजेक्ट एनालिस्ट अभय कुमार गुप्ता ने कहा कि कूड़ा अलग-अलग रखने और नियमित संग्रहण अभियान की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। सभासद अमितेश गुप्ता ने कहा कि वार्ड स्तर पर लोगों को जोड़कर अभियान को प्रभावी बनाया जाएगा। सभासद सदरे आलम ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
बैठक में ईओ आलोक कुमार मिश्रा, प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, सभासद ऋषिकेश पटेल, गोरख गुप्ता, राणा पटेल, शेषमणि पटेल, मुरारी लाल निगम समेत कर्मचारी मौजूद रहे।