चिकित्सा व उद्यम के क्षेत्र में विकास पर दें जोर
लोक निर्माण विभाग निरीक्षण गृह में मंत्रियों को दिया गया गॉर्ड ऑफ ऑनर
महराजगंज। जिले में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज व उद्यम के क्षेत्र में असीम संभावना है। एक जनपद एक उत्पाद कार्यक्रम के तहत उद्यम के विकास के साथ ही चिकित्सा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए मेडिकल कालेज के विकास पर जोर दिया जाए। इससे स्वरोजगारियों व बीमार लोगों की मुश्किल कम होगी।
ये बातें रविवार को मंत्री समूूह के रुप में जिले में आए अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कही। उन्होंने उद्यम व चिकित्सा विभाग के जिम्मेदारों को भी इस दिशा में तीव्र गति से कदम उठाने को कहा। जलशक्ति मंत्री दिनेश खटिक ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास हर जिले की अहम आवश्यकता है। इस मुद्दे पर शासन पूरी तरह गंभीर है। स्थानीय स्तर पर कार्य प्रारंभ किए जाने की पहल की जाए। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने भी इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इससे पूर्व जिले में पहुंचने पर डीएम के साथ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, मुख्य विकास अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल व अपर जिलाधिकारी ने स्वागत किया। स्वागत के उपरांत मंत्रियों को गॉर्ड आफ ऑनर दिया गया। इस दौरान मेडिकल कालेज के प्रतिनिधि के रुप में डॉ. एसएम रफीक, डॉ. देवचंद्र कुशवाहा, उपायुक्त उद्यम अभिषेक प्रियदर्शी आदि मौजूद रहे।
चौपाल में विकास पर दिया जोर
मंत्रियों ने रविवार की रात पनियरा ब्लॉक के ग्राम राजमंदिर में चौपाल लगाई। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गरीबों व आमजन के हितों को ध्यान में रखते हुए शासन की ओर से चलाई जा रही योजना का लाभ पात्रता के आधार पर सभी को प्रदान किया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी स्वयं इसकी समीक्षा भी करें। इस दौरान डीएम, सीडीओ व एसपी के अतिरिक्त प्रधान देयन्ता देवी, अजय पटेल आदि मौजूद रहे।
मंत्री समूह व नोडल अधिकारी आज करेंगे निरीक्षण
जिले में पहुंचे दोनों राज्यमंत्री व जिले के लिए नामित नोडल अधिकारी पी. गुरुप्रसाद सोमवार को जिला अस्पताल, कंपोजिट विद्यालय पिपरा रसूलपुर, चेहरी के पंचायत भवन व गौशाला का निरीक्षण करेंगे। चेहरी में स्टेडियम का भूमि पूजन व चेहरी बांध का जायजा भी लेंगे। भ्रमण कार्यक्रम के बाद वे कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।