20 से अधिक कर्मियों ने सुबह सात से शाम छह बजे तक की कड़ी मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। दिन-बृहस्पतिवार व समय सुबह नौ बजे। स्थान- कलेक्ट्रेट में निकाय चुनाव के लिए बना नियंत्रण कक्ष। नियंत्रण कक्ष के प्रभारी सवींद्र सिंह अपनी टीम के साथ सेक्टर मजिस्ट्रेट से सूचनाओं को एकत्र करने में मशगूल दिखे। आठ निकायों से सेक्टरवार प्राप्त सूचनाओं को जहां कर्मी सहेजते हुए उसका प्रतिशत निकालने का प्रयास करते रहे, वहीं सीमावर्ती क्षेत्र मेंं होने के नाते नौतनवां व सोनौली की सूचना प्राप्त करने में नेटवर्क की वजह से समस्या उत्पन्न हुई। नियमित प्रयास का असर रहा कि आधे घंटे बाद ही सही, सूचना प्राप्त हुई तथा कर्मियों ने उसे एकत्र करते हुए जिले का औसत निकालते हुए उसे सार्वजनिक करने का कार्य किया।
मतदान से जुड़ी जानकारी को जिला स्तरीय अधिकारियों व आयोग को समय-समय पर उपलब्ध कराने के लिए नियंत्रण कक्ष के प्रभारी के सहयोग के लिए अपर जिला सांख्यिकी अधिकारी दिनेश कुमार व गौतम, वरिष्ठ सहायक सुशील आदि ने कर्मियों से प्रत्येक दो घंटे पर सूचनाओं को एकत्र करने का कार्य किया। पहली बार का औसत जारी होने के बाद नियंत्रण कक्ष के प्रभारी ने सभी कर्मियों से पांच बजे तक की सूचना में मत डालने वाले मतदाताओं की संख्या व उसके प्रतिशत की जानकारी प्राप्त की। शाम छह बजे के बाद प्राप्त किए गए अंतिम सूचना में मतदाताओं के विवरण के साथ ही महिला व पुरूष मतदाताओं की संख्या व उनका प्रतिशत आदि की सूचना एकत्र की गई।
...
कर्मियों ने बूथवार प्राप्त की सूचना
मतदान प्रतिशत से जुड़ी सूचनाओं को प्राप्त करने के लिए लगाए गए 15 कर्मियों ने भी सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट को काल कर वास्तविक मतदान प्रतिशत को प्राप्त किया एवं सीट पर उसका अंकन किया। नौतनवां व सोनौली क्षेत्र के बूथों की सूचना प्राप्त करने में नेटवर्क संबंधी समस्या की वजह से कर्मियों को जूझना पड़ा। मतदान समाप्ति के बाद ही कर्मियों ने राहत की सांस ली।
...
कोट
आयोग को उपलब्ध कराए जाने वाली सूचना को एकत्र करने की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण थी। कर्मियों के सहयोग से उसे बेहतर ढंग से संपन्न कराने में मदद मिली। -
सवींद्र सिंह, प्रभारी अधिकारी नियंत्रण कक्ष