महराजगंज। स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर भी इमरजेंसी सेवाओं से लैस किए जा रहे हैं। अब इन केंद्रों पर सिर्फ बुखार, खांसी, मधुमेह और ब्लड प्रेशर जैसी सामान्य बीमारियों का ही इलाज नहीं होगा। इमरजेंसी में भी उपचार मिल सकेगा।
इससे गांवों में रहने वाले लोगों को ट्रॉमा, बर्न, सर्पदंश, हार्ट अटैक और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थिति में तत्काल राहत मिल सकेगी। जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 192 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित हैं। इन केंद्रों को इस तरह सुसज्जित किया जा रहा है कि किसी भी इमरजेंसी केस को प्राथमिक स्तर पर संभाला जा सके। शासन के निर्देशानुसार, इन सेंटरों पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी को विशेष प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
इसमें ट्रॉमा केस में रक्तस्राव रोकना, फ्रैक्चर को स्थिर करना, जलने की स्थिति में ठंडे पानी से उपचार, एंटीबायोटिक देना और ड्रेसिंग करना, सर्पदंश की स्थिति में एंटी-स्नेक वेनम देना, कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में जरूरी प्राथमिक चिकित्सा शामिल है।
प्रशिक्षण के साथ ही आवश्यक उपकरण और दवाएं भी सेंटरों पर मुहैया कराई जा रही हैं। अब हर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर प्राथमिक उपचार किट, जीवन रक्षक दवाएं, ऑक्सीजन सिलिंडर, स्ट्रेचर, स्टेचर और अन्य जरूरी मेडिकल उपकरण उपलब्ध होंगे। इससे न केवल मरीज को मौके पर प्राथमिक उपचार मिलेगा, बल्कि उसके जीवन को बचाने की संभावना भी कई गुना बढ़ जाएगी।
इसके अलावा गंभीर इमरजेंसी मामलों को बड़े अस्पताल में रेफर करने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा से समन्वय की व्यवस्था बनाई जाएगी। इससे गोल्डन ऑवर (घटना के पहले एक घंटे) के भीतर मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा सके।