महराजगंज। बकाएदारों के खिलाफ बिजली विभाग ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की। सिसवा बाजार में 120, निचलाैल में 97 बड़े बकाएदारों का कनेक्शन काट दिया। दो के खिलाफ वसूली के लिए नोटिस जारी किया है। वहीं अड्डा बाजार में 23 लोगों की बिजली काटी गई। निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार, भारत नेपाल बाॅर्डर से सटे मटरा धमउर गांव में बृहस्पतिवार को विद्युत कर्मियों ने अभियान चलाकर 97 बड़े बकाएदारों का कनेक्शन काट दिया। विद्युत उपखंड पर तैनात ग्रामीण फीडर के अवर अभियंता मुकेश कुमार ने बताया मटरा धमउर गांव में बिजली के बड़े बकाएदारों को चिह्नित कर टीम के साथ जांच की गई। सिसवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, विद्युत विभाग की ओर से चलाए गए अभियान में सिसवा कस्बे के 120 बकाएदारों का विद्युत कनेक्शन काट दिया गया। साथ ही पांच लाख अस्सी हजार की राजस्व वसूली की गईं। अभियान के तहत कई लोगों को नोटिस भी थमाया गया। उपखंड अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि चेकिंग अभियान में 120 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए और वहीं 5.80 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की गई। इसके साथ ही एक मुश्त समाधान योजना में 80 उपभोक्ताओं का रजिस्ट्रेशन भी किया गया। अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, बिजली कर्मियों ने मुड़ली गांव 10 हजार रुपये से अधिक के 23 बकाएदारों की बिजली काट दी। उनके ऊपर सात लाख 65 हजार 748 रुपये बाकी है। यह जानकारी अवर अभियंता शशिकांत वर्मा ने दी। संवाद