महराजगंज। विद्युत बिल के बकाएदार उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से बिजली बिल राहत योजना लागू कर दी गई है। यह योजना एक दिसंबर से प्रारंभ हुई और 28 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। योजना के अंतर्गत एलएमवी-1 (घरेलू) श्रेणी में अधिकतम दो किलोवाट भार तक तथा एलएमवी-02 (वाणिज्यिक) श्रेणी में एक किलोवाट भार तक के नेवर पेड और लॉन्ग अनपेड उपभोक्ताओं को विद्युत बिलों में विशेष छूट का लाभ प्रदान किया जाएगा।
विद्युत वितरण मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी कैश काउंटर 14 दिसंबर (रविवार) को भी सामान्य दिनों की भांति खुले रहेंगे। इसमें विद्युत वितरण खण्ड-प्रथम महराजगंज, द्वितीय आनन्दनगर, निचलौल एवं नौतनवां शामिल हैं। अधिशासी अभियंता एवं उपखंड अधिकारियों को सभी कैश काउंटर खुलवाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने बताया कि खण्ड स्तर पर तैनात राजस्व कैशियर को निर्देशित किया गया है कि 14 दिसंबर को प्राप्त धनराशि 15 दिसंबर 2025 (सोमवार) को सुबह 10 बजे तक संबंधित खण्ड के विभागीय बैंक खाते में जमा कराएं।