पत्राचार कर अधिकारियों ने निभाई औपचारिकता, खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने की मंशा पर फिर रहा पानी
अब तक यहां नहीं हो सका किसी खेल का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। घुघली क्षेत्र के टेढ़वा गांव में मिनी स्टेडियम के बीच बिजली का खंभा न सिर्फ खिलाड़ियों की उम्मीदों पर पानी फेर रहा है, बल्कि यहां किसी प्रकार के खेल के आयोजन में बाधक भी बना हुआ है। करीब दो साल पहले 45 लाख रुपये खर्च कर स्टेडियम तो बना दिया गया, लेकिन अब तक कोई खेल का आयोजन नहीं किया गया। मैदान के बीच लगे हुए बिजली के पोल को हटाने के लिए पत्राचार कर अधिकारियों ने औपचारिकता तो पूरी कर ली, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है ।
घुघली ब्लॉक मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर गंडक नदी के पास बसे गांव टेढ़वा में स्थापित वर्ष 2020-21 में लगभग 42.350 लाख रुपये से बना मिनी स्टेडियम खिलाड़ियों का इंतजार कर रहा है। मिनी स्टेडियम बनाए जाने का उद्देश्य है कि खेल प्रतिभा आगे बढ़ेगी। मैदान के बीच बिजली का पोल होने के कारण खिलाड़ियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। अधिकारियों द्वारा पत्राचार करने के बावजूद पोल अब तक हटवाया नहीं गया। गांव के छोटेलाल कुशवाहा कहते हैं कि टेढ़वा गांव में बने मिनी स्टेडियम में अब तक किसी भी खेल का आयोजन नहीं हो सका है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभा कैसे आगे बढ़ेंगी।
स्टेडियम तो बना, लेकिन कोई सुविधा नहीं है। स्टेडियम जिस उद्देश्य से बनाया गया है, वह सफल होता नहीं दिख रहा है। खेल का आयोजन नहीं होता है।
ऋषिकेश कुशवाहा, खिलाड़ी
सरकार गांव में स्टेडियम तो बना दे रही है, लेकिन उसमें सुविधाएं नदारद हैं। उचित प्रोत्साहन एवं संसाधन की जरूरत है। खेल प्रतिभा का विकास सिर्फ कागजों में हो रहा है।
रजत पांडेय, खिलाड़ी
-
विद्युत पोल तार हटाने के लिए ग्राम प्रधान को एस्टीमेट दे दिया गया है। इसको हटाने में करीब एक लाख रुपये तक का खर्च आएगा, जिसे इसे ग्राम सभा को ही करना है।
- संदीप यादव , अवर अभियंता विद्युत