कोल्हुई। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम जिगिनिहा गांव में रविवार सुबह भारी बारिश के बीच कच्चा मकान अचानक गिरने से मलबे में दबकर कुसुमी देवी (59) की मौत हो गई। हादसे के समय मृतका के पति भी मकान में मौजूद थे लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार ग्राम जिगिनिहा निवासी संतराम (60) पत्नी कुसमी देवी के साथ अपने खपरैल के मकान में सोते हुए थे। इसी बीच अचानक तेज बारिश और हवा के चलते पूरा मकान भरभराकर गिर गया, जिससे कुसमी देवी की मलबे से दबकर मौके पर मौत हो गई। वहीं पति संतराम किसी तरह निकलने में सफल रहे, जिससे उसकी जान बच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतका का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है।
कुसुमी देवी के दो बेटे थे, जिनमें से एक की पहले ही मौत हो चुकी है जबकि दूसरा अपनी ससुराल में रहता है। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। परिजनों के मुताबिक, मृतका के पति संतराम का करीब चार माह पूर्व सड़क हादसे में पैर टूट गया था और वह अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुए हैं। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार फरेन्दा ने बताया कि मृतक के परिवार को हर आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस संबंध में थानाध्यक्ष कोल्हुई आलोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।