परतावल (महराजगंज)। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल महंत अवेद्यनाथ नगर वार्ड में सोमवार की मध्य रात शराब पीने से मना करने पर छोटे भाई ने बड़े की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत परतावल निवासी संदीप मद्धेशिया उर्फ टिंकू (24) अपने घर पर ही जूता-चप्पल की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि सोमवार की मध्य रात उसका छोटे भाई किशन नशे में धुत होकर घर पहुंचा। संदीप ने उसे डांटा तो वह भड़क गया। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर छोटे भाई ने घर में रखे चाकू से बड़े भाई पर हमला कर दिया। चाकू सीधा पेट और सीने के बीच लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और जमीन पर गिरकर तड़पने लगा।
आनन-फानन में परिजन उसे सीएचसी परतावल ले गए, जहां डाक्टर गंभीर हालत देख मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह करीब सात बजे संदीप मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। आसपास के लोगों के मुताबिक बड़ा भाई छोटे भाई को शराब पीने से रोकता था, इसी बात लेकर दोनों के बीच नोकझोंक होती थी। सोमवार की रात रात में भी वह नशे में घर आया था। डांटने पर वारदात को अंजाम दे दिया।