फरेंदा/नौतनवा। जिलास्तरीय तहसील दिवस से गैर हाजिर आठ अफसरों के वेतन बाधित करने का डीएम ने निर्देश दिया है। कार्य में लापरवाही मिलने पर तीन विभागों को चेतावनी दी है। नौतनवा तहसील दिवस में एसडीएम विक्रम सिंह ने अनुपस्थित रहे 12 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
फरेंदा में जिला स्तरीय तहसील दिवस के आयोजन में डीएम सुनील कुमार श्रीवास्तव ने लोगों की शिकायतें सुनीं। निर्देश दिया कि सभी निस्तारित शिकायतों की रिपोर्ट वेबसाइट पर आनलाइन करें। मोबाइल से दर्ज शिकायतों के निस्तारण को लेकर संतोष जाहिर किया। अनुपस्थित रहे फारेस्ट अधिकारी, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता, सिचाई विभाग के एक्सईएन, सहित आठ के वेतन बाधित करते हुए स्पष्टीकरण का निर्देश दिया है।
मनरेगा एपीओ, राजस्व निरीक्षक फरेंदा के खिलाफ कार्यों में शिथिलता के कारण चेतावनी दी। कहा कि तहसील दिवस में पहली बार फरेंदा क्षेत्र के कंजड़ समुदाय के लोगों को लाभान्वित किया गया। समुदाय के 35 परिवारों को लोहिया आवास, जमीन का पटटा व शौचालय दिया गया। जिससे वह एक स्थान पर रह सके।
पूर्व में निस्तारित 25 शिकायतों को फोन पर सत्यापन किया। जिलाधिकारी के साथ फरेंदा विधायक विनोद तिवारी ने विभिन्न विभागों के द्वारा संचालित लाभार्थी को स्वीकृति पत्र दिया।
कुल 166 मामले आए जिसमें 15 मामले निस्तारित किए गए। एसपी भारत सिंह यादव व प्रभारी सीडीओ आरएम उपाध्याय ने लोगों की समस्याएं सुनी।एसडीएम जयचंद पांडेय, धनश्याम सागर, अधिशासी अभियंयता डीके लाल, जिला बचत अधिकारी बृजेश यादव, सूचना अधिकारी प्रभाकर तिवारी, एसओ डीके शुक्ला आदि लोग रहे।