फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर से लेकर गांव तक ईद मुबारक

Fri, 08 Jul 2016 12:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
नगर के जामा मस्जिद में नमाज अदा करते लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
महराजगंज। नमाज पढ़ी, गले मिले और बोले ईद मुबारक। ईद-उल-फितर की नमाज गुरुवार को अकीदत के साथ अदा की गई। गुरुवार सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों पर नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। नमाज पढ़ने के बाद एक दूसरे से गले मिले और ईद की बधाई दी। फिजा में बिखरी खुशबू से ऐसा लग रहा था कि मस्जिद और ईदगाह इत्र से नहाए हों।
विज्ञापन


 प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का पर्याय ईद पर्व गुरुवार को पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। मस्जिदों, ईदगाहों में पूरी अकीदत और पाकीजगी के साथ नमाज अदा कर मुल्क की तरक्की और अमन-शांति की दुआएं मांगीं। साथ ही एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। वातावरण में पूरे दिन इत्र की खुशबू के साथ सेंवइयों की मिठास घुली रही। हर जुबां से सबसे पहले ईद मुबारक ही निकल रहा था। 
नगर स्थित मस्जिद पर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह व एसपी भारत सिंह पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिए और ईद की बधाई दी। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए थे। 
विज्ञापन


नौतनवा प्रतिनधि के अनुसार, नगर एवं आसपास के क्षेत्र में ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नजदीकी ईदगाहों में नमाज अदा की और मुल्क में अमन, शांति तथा सभी की सलामती की दुआ मांगी। नगर के परसोहिया, हमीदनगर, मधुबनवां एवं भुंडी बाईपास के ईदगाहों में नमाज के बाद लोगों ने एक दूसरे के गले लगकर आपसी गिले-शिकवे भूल ईद की बधाई दी। इस खुशी के त्योहार पर अन्य समुदाय के लोग भी मुस्लिम भाइयों के यहां पहुंचकर उन्हें ईद की मुबारकबाद दी और उनके यहां एक साथ बैठकर सेंवई तथा पकवान चखे।

इस पर्व के मद्देेनजर प्रशासन की तरफ से सुरक्षा इंतजाम काफी चौकस दिखा। हर ईदगाहों पर नमाज खत्म होने तक पुलिस और प्रशासन के लोग जमे रहे। इस मौके पर एसडीएम विक्रम सिंह, एसओ रामायण यादव के साथ ही चौकी प्रभारी शिवशंकर तिवारी पुलिस बल के साथ ईदगाहों पर मौजूद रहे। फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था के बीच ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। नमाज के साथ ही माहेरमजान विदा हो गया। नमाज के लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। 

फरेंदा के ईदगाह में सुबह आठ बजे से ही रोजेदार नए परिधानों में इत्र की खुशबू बिखेरते ईदगाह पर आने शुरू हो गए। बुजुर्ग, नौजवानों के साथ बच्चे भी ईदगाह पर पहुंचे। तय समय पर फरेंदा ईदगाह पर मौलाना इमाम हाफिज मोहम्मद लईक ने नमाज अदा कराई। इस दौरान अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन-चैन के लिए अल्लाह से दुआएं मांगी गईं। लोग गले मिल ईद की बधाई दी। उसके बाद यहां से लोग घरों को लौटे। 
नमाज के दौरान विधायक विनोद तिवारी, बसपा प्रभारी बेचन निषाद ने ईदगाहों पर पहुंच गए थे। नमाज के बाद रोजदारों से गले मिल कर ईद की बधाई दी। 
पनियरा प्रतिनिधि के अनुसार, अकीदतमंदों ने ईदगाहों में ईद की नमाज अदा की और मुल्क की सलामती के लिए  दुआएं मांगीं। ईद की नमाज की इमामत दारूल ओलूम अरबिया हमीदिया अहलेसुन्नत पनियरा खास के उप प्रधानाचार्य मौलाना अशरफ अली नूरानी ने की। सुन्नी इस्माईलिया जामा मस्जिद पनियरा में चौकन्न फोर्स के साथ ईद की नमाज अदा की गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें