महराजगंज। शारदीय नवरात्र शुरू होते ही बिजली की मांग बढ़ गई है। वहीं दिवाली के लिए विभाग ने अभी से तैयारी तेज कर दी है। त्योहार में उपभोक्ताओं को शेड्यूल के हिसाब से निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए बिजली विभाग ने जर्जर ब्रेकर, फीडर और ट्रांसफार्मरों को अपडेट करने का अभियान शुरू कर दिया है। दावा है कि इससे दिक्कत कम होगी।
जिले में कुल चार लाख 96 हजार बिजली उपभोक्ता हैं। इनको बिजली आपूर्ति देने के लिए 270 मेगावाट क्षमता के 32 विद्युत उपकेंद्र संचालित हैं। इन उपकेंद्रों से फीडर के माध्यम से उपभोक्ताओं के घरों तक बिजली पहुंचती है। फीडर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की निगरानी ब्रेकर लगाए जा रहे हैं। यह एक तरह से सुरक्षा कवच का काम करते हैं।
फीडर क्षेत्र में तारों में हरकत यानी स्पार्किंग होने या तार टूटकर जमीन पर गिरने पर ब्रेकर स्वचालित फीडर की आपूर्ति ठप कर देगा। बीते सप्ताह 132 केवी बैकुंठपुर विद्युत उपकेंद्र में मेंटेनेंस कार्य कराया गया। साथ ही साथ अन्य उपकेंद्र भी जरूरत के मुताबिक अपग्रेड किए गए हैं।
विभाग का दावा है कि इससे त्योहार के दौरान होने वाले हादसे टाले जा सकेंगे जब अतिभारण के मामले बढ़ने पर यह समस्या का अक्सर आती रही है। विभागीय कर्मियों के मुताबिक ब्रेकर ठीक नहीं होने पर स्पार्किंग या जमीन पर गिरे तारों में भी बिजली दौड़ जाती है। ऐसे में करंट लगने से जान-माल का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा जर्जर ब्रेकर, फीडर और ट्रांसफार्मरों से उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज व अघोषित कटौती की मार भी झेलनी पड़ती थी इसलिए त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले सभी जर्जर उपकरणों को ठीक कराया गया है।
दिवाली से पहले अपग्रेड होंगे 33 केवी उपकेंद्र
एसडीओ विद्युत महराजगंज प्रथम के मुताबिक विभाग ने मेंटेनेंस का पूरा रोडमैप तैयार किया है। पहले चरण के बाद अब 33 केवीए विद्युत उपकेंद्रों के जर्जर ब्रेकर, फीडर और ट्रांसफार्मर को ठीक किया जाएगा। इसके बाद दूसरे चरण में 33 केवी विद्युत उपकेंद्रों में मेंटेनेंस कार्य शुरू होगा। दिवाली से पहले सभी विद्युत उपकेंद्र के जर्जर ब्रेकर, फीडर और ट्रांसफार्मरों को अपडेट होना है। नवरात्र पर लोड बढ़ रहा है इसको लेकर हम पूरे तरीके से सजग है। सभी ट्रांसफार्मरों की क्षमता आपूर्ति से ज्यादा है, इसलिए कोई समस्या नहीं आएगी। यदि समस्या आती भी है तो विकल्प के रूप में ट्रॉली पर ट्रांसफार्मर को तैयार रखा गया है, जिससे तुरंत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। लोड बढ़ने से भी आपूर्ति उपभोक्ताओं को निर्बाध मिलेगी।
बोले अधिकारीदुर्गा पूजा पंडाल को विद्युत आपूर्ति व मंदिरों में झालरों की सजावट इत्यादि से नवरात्र में लोड बढ़ जाता है। इसे लेकर उपभोक्ताओं में कटौती की आशंका रहती है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा विभाग ने निपटने के इंतजाम पूर्ण कर लिए हैं।
- सुरेंद्र कुमार यादव, एसडीओ प्रथम खंड, महराजगंज।