महराजगंज। सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सभागार में हाईरिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान एवं प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का बृहस्पतिवार को समापन हो गया। ट्रेनिंग में ब्लॉक के सभी एएनएम को प्रशिक्षण दिया गया ताकि वे गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम वाली स्थिति को समय पर पहचान सकें और उचित प्रबंधन सुनिश्चित कर सकें।
प्रशिक्षण के दौरान एएनएम को बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के प्रमुख संकेतों को कैसे पहचाना जाए। इनमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया, पिछले गर्भपात का इतिहास, जुड़वा बच्चे, उम्र संबंधी जोखिम आदि शामिल हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी सिंह ने ट्रेनिंग के दौरान अनुमानित गर्भवती महिलाओं की गणना, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की संख्या का आकलन, गर्भावस्था की प्रारंभिक पहचान, अंतिम मासिक धर्म से अपेक्षित प्रसव तिथि की गणना जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी गहन जानकारी दी । बबीता भारती ने भी विभिन्न सत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। राज्य स्तर से मॉनिटर के रूप में डॉ. संदीप विशेष रूप से मौजूद रहे।